पटना | 6 अगस्त 2026

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र और रणजी ट्रॉफी 2026-27 की तैयारियों को तेज कर दिया है। इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी की बैठक के बाद अधिकारियों ने पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम और राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस कमिटी ने समय-सीमा के भीतर सभी जरूरी कार्य पूरे करने का भरोसा जताया है।

11 अक्टूबर से शुरू होने वाले रणजी मैचों पर फोकस

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी की बैठक एक अगस्त 2026 को पटना स्थित BCA कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले रणजी मुकाबलों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस कमिटी ने निर्णय लिया कि सभी स्टेडियमों में पिच, आउटफील्ड, ड्रेनेज सिस्टम, ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों की सुविधाएं और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं BCCI के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार की जाएंगी।

मोइन-उल-हक और राजगीर स्टेडियम का निरीक्षण

इस बैठक के बाद कमिटी के सदस्यों ने पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम का निरीक्षण कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का भी दौरा किया गया, जहां मैदान, पिच और खिलाड़ियों की सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान स्टेडियमों की आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा ग्राउंड और पिच की गुणवत्ता को BCCI मानकों के अनुरूप विकसित करने का फैसला लिया गया। साथ ही कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर भी सहमति बनी।

दर्शकों की एंट्री पर रहेगा प्रतिबंध

BCA ने जानकारी दी कि इस घरेलू सीजन के दौरान आयोजित होने वाले मैच दर्शकों के बिना खेले जाएंगे। यानी मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में आम दर्शकों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सफल मेजबानी का भरोसा

कमिटी ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे बिहार आगामी रणजी सत्र की सफल मेजबानी कर सके। इस बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी के चेयरमैन विष्णु कुमार, कन्वीनर कुमार वंश गिरी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), सदस्य तारिक इकबाल, BCA सचिव जियाउल अर्फीन और CEO मनीष राज आदि मौजूद रहे।