पटना | 6 अगस्त 2026
बिहार में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने ‘शुगरकेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पोर्टल’ (SIPP) लॉन्च किया है। इस पोर्टल के जरिए बिहार में नई चीनी मिल लगाने वाले निवेशकों को कई बड़ी सुविधाएं दी जाएंगी। बिहार गन्ना उद्योग निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 के तहत सरकार निवेशकों को 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, 5 साल तक SGST में छूट और सिर्फ 1 रुपये की टोकन राशि पर सरकारी जमीन लीज पर उपलब्ध कराने की योजना लेकर आई है।
चीनी मिल लगाने पर मिलेगी 70 करोड़ रुपये तक की मदद
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने बताया कि नई चीनी मिल स्थापित करने वाले उद्योगपतियों को सरकार की ओर से 70 करोड़ रुपये तक का आधार अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा अगले 5 वर्षों तक 100 प्रतिशत SGST की प्रतिपूर्ति की जाएगी। यानी निवेशकों को राज्य जीएसटी के भुगतान में राहत मिलेगी।
1 रुपये में मिलेगी सरकारी जमीन
सरकार ने उद्योग लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए निवेशकों को बड़ी सुविधा दी है। नई चीनी मिल स्थापित करने के लिए सरकारी जमीन को सिर्फ 1 रुपये की टोकन राशि पर लीज पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे निवेशकों को जमीन की व्यवस्था करने में बड़ी राहत मिलेगी।
25 नई चीनी मिलें खोलने का लक्ष्य
फिलहाल बिहार में करीब 10 चीनी मिलें संचालित हैं। राज्य सरकार अब इसमें विस्तार करते हुए 25 नई चीनी मिलें खोलने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़ी चीनी मिलों जैसे सकरी और रैयाम को दोबारा शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
SIPP पोर्टल से ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
गन्ना उद्योग निवेश प्रोत्साहन पोर्टल (SIPP) को निवेशकों के लिए सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है।
अब निवेशक एक ही जगह से—
- जमीन की उपलब्धता की जानकारी,
- निवेश नीति की जानकारी,
- सब्सिडी आवेदन,
- अन्य जरूरी प्रक्रियाएं
ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे।
बिहार को इथेनॉल और ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बनाने की तैयारी
मंत्री संजय कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ चीनी उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि बिहार को इथेनॉल, बिजली उत्पादन और कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) के क्षेत्र में भी मजबूत बनाना है।
उन्होंने बताया कि गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार अतिरिक्त आर्थिक सहायता दे रही है। साथ ही बेहतर गुणवत्ता वाले गन्ना बीज भी किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।




