पटना, 5 अगस्त 2026 : बिहार के युवा क्रिकेटरों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की राह खुलने का दावा किया गया है। पटना के ऊर्जा स्टेडियम में 29 अगस्त को दुनिया के पहले मिक्स जेंडर क्रिकेट फॉर्मेट 'टेस्ट ट्वेंटी' के लिए ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इस ट्रायल में 13 से 21 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ दुबई और लंदन में आयोजित होने वाले मुकाबलों तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है।

क्या है 'टेस्ट ट्वेंटी'?

'टेस्ट ट्वेंटी' क्रिकेट का एक नया प्रारूप बताया जा रहा है, जिसमें महिला और पुरुष खिलाड़ी एक ही टीम में खेलेंगे। आयोजकों का दावा है कि यह दुनिया का पहला मिक्स जेंडर क्रिकेट फॉर्मेट होगा।

इस फॉर्मेट में :

20-20 ओवर की चार पारियां खेली जाएंगी।

लाल और सफेद दोनों गेंदों का उपयोग होगा।

टेस्ट क्रिकेट की तरह फॉलोऑन और डिक्लेरेशन जैसे नियम भी लागू रहेंगे।

टेस्ट क्रिकेट के धैर्य, वनडे के संतुलन और टी-20 के रोमांच का मिश्रण देखने को मिलेगा।

बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर

आयोजक डॉ. कुमार विमलेंदु और अभिजीत शंकर का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है। उनका दावा है कि इस ट्रायल के जरिए चयनित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।

दिग्गज क्रिकेटरों के जुड़ने का दावा

आयोजकों ने दावा किया है कि इस नई क्रिकेट लीग से विश्व क्रिकेट के कई दिग्गज जुड़े हैं। इनमें क्लाइव लॉयड, एबी डिविलियर्स और मैथ्यू हेडन जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं, जो खिलाड़ियों को मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देने से जुड़े रह सकते हैं।