पटना, 7 अगस्त 2026 : बिहार में परीक्षा धांधली के मामलों को लेकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। BPSC AEIDO परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सेटिंग कराने के संकेत मिले हैं। EOU के अनुसार जांच में NEET UG-2023, अमीन भर्ती परीक्षा, सिपाही भर्ती, रेडियो ऑपरेटर और मद्य निषेध विभाग की परीक्षाओं में भी फर्जीवाड़े से जुड़े सुराग सामने आए हैं। इसके अलावा झारखंड CGL परीक्षा में भी सेटिंग कराने के सबूत मिलने की बात सामने आई है।
BARC कर्मचारी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
AEIDO परीक्षा में धांधली के आरोप में EOU ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के टेक्निकल असिस्टेंट रौशन कुमार और उसके सहयोगी आकाश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थी और परीक्षा केंद्रों की सेटिंग से जुड़े कई अहम इनपुट मिले हैं।
NEET UG में सॉल्वर बैठाकर पास कराने का खुलासा
EOU अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2023 में आयोजित NEET UG परीक्षा में एक अभ्यर्थी को सॉल्वर बैठाकर पास कराने में मदद की थी। अब जांच एजेंसी उस अभ्यर्थी की पहचान करने में जुटी है, जिसने कथित तौर पर फर्जी तरीके से परीक्षा पास की थी। AEIDO परीक्षा में 25 लाख रुपये की डील का आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि AEIDO परीक्षा में उत्तर कुंजी उपलब्ध कराने के लिए कथित तौर पर 25 लाख रुपये की डील हुई थी। EOU को जांच के दौरान कई ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों, बायोमेट्रिक कर्मियों और सॉल्वर नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका के संकेत मिले हैं।
अमीन भर्ती में पैसे के विवाद के बाद अपहरण की साजिश
EOU की जांच में अमीन भर्ती परीक्षा से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि सेटिंग के जरिए कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के बाद तय रकम नहीं मिलने पर उनके अपहरण की साजिश रची गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, दो अभ्यर्थियों से 3.5-3.5 लाख रुपये की बकाया राशि लेने को लेकर विवाद हुआ था।
कई परीक्षा केंद्र और बायोमेट्रिक नेटवर्क जांच के घेरे में
EOU ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मैनेज्ड परीक्षा केंद्रों, बायोमेट्रिक कंपनी के कर्मचारियों और सॉल्वर गैंग के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। AEIDO पेपर लीक मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें अभ्यर्थी, बायोमेट्रिक सुपरवाइजर, ऑपरेटर और कंपनी वेंडर भी शामिल हैं। EOU अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने और परीक्षा धांधली में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।




