पटना, 8 अगस्त 2026। बिहार में सरकारी कर्मचारियों के तबादले का सिलसिला जारी है। पंचायती राज विभाग ने राज्य के 1402 पंचायत सचिवों का स्थानांतरण कर दिया है। विभाग ने तबादले के बाद नई पदस्थापना से संबंधित पहली सूची भी जारी कर दी है। पंचायत सचिवों को उनके मौजूदा पदस्थापन वाले जिले से हटाकर सूची में निर्धारित नए जिले में भेजा गया है।
1402 पंचायत सचिवों का ट्रांसफर
पंचायती राज विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, जिला पदाधिकारियों से प्राप्त अनुशंसा के आधार पर 1402 पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया गया है। नई पदस्थापना संबंधित सूची में निर्धारित जिले में होगी। यह तबादला बिहार ग्राम पंचायत (पंचायत सचिव का स्थानांतरण-पदस्थापन) विनियमावली, 2025 और विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत किया गया है।
वरीयता के आधार पर तय होगी नई पदस्थापना
विभाग के आदेश में कहा गया है कि स्थानांतरित पंचायत सचिवों की वरीयता का निर्धारण विनियमावली 2025 के नियम-3 के संबंधित प्रावधानों के तहत किया जाएगा। इसके आधार पर नई जगह पर पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जनगणना-2026 में लगे पंचायत सचिवों का क्या होगा ?
तबादले के साथ ही जनगणना-2026 से जुड़े पंचायत सचिवों के लिए भी विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जो पंचायत सचिव जनगणना कार्य के लिए प्रगणक या पर्यवेक्षक के रूप में अधिसूचित हैं, उन्हें नियमों के अनुसार जनगणना का काम पूरा होने के बाद ही विरमित किया जाएगा। यानी ऐसे पंचायत सचिवों को जनगणना की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद ही संबंधित प्रक्रिया के तहत कार्यमुक्त किया जाएगा। इसलिए उनके काम पहले की तरह ही जारी रहेंगे।
स्थानांतरण यात्रा भत्ता नहीं मिलेगा
विभाग ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि पंचायत सचिवों का स्थानांतरण उनके अभ्यावेदन के आधार पर किया जा रहा है। इसलिए इस स्थानांतरण के लिए उन्हें स्थानांतरण यात्रा भत्ता (Transfer Travelling Allowance) देय नहीं होगा। विभाग के अनुसार, पंचायत सचिवों के स्थानांतरण और नई पदस्थापना से संबंधित प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार से मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
बिहार में तबादलों का सिलसिला जारी
बिहार में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग ने पंचायत सचिवों की नई पदस्थापना को लेकर यह सूची जारी की है। इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।




