ओटावा, 13 अगस्त 2026 : कनाडाई शिक्षाविद और प्रोफेसर जियांग ज्यूकिन ने भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु टकराव को लेकर एक बड़ा दावा कर दिया है। उनका अनुमान है कि अगर कभी परमाणु हथियारों का इस्तेमाल हुआ तो पाकिस्तान पहले कदम उठा सकता है। हालांकि यह उनका व्यक्तिगत आकलन है, कोई आधिकारिक चेतावनी नहीं। मगर पाकिस्तान की हरकत देखकर तो यह अनुमान ज्यादा गलत नहीं हो सकता है। पाकिस्तान आरंभ से ही आतंकवाद के साथ खेलता रहा है।
भारत-पाक में से कौन कर सकता है पहला परमाणु हमला ?
प्रोफेसर जियांग ज्यूकिन ने यूट्यूबर राज शमानी के साथ बातचीत के दौरान परमाणु हथियारों के संभावित इस्तेमाल को लेकर अपनी राय रखी। उनसे पूछा गया था कि भविष्य में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने वाला अगला देश कौन हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी एक देश का अनुमान लगाना हो तो भारत और पाकिस्तान में से पाकिस्तान को पहले परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की अधिक आशंका है। उनका कहना था कि दोनों देशों के बीच किसी बड़े सैन्य संघर्ष की स्थिति में यह खतरा बढ़ सकता है। मगर यह केवल एक अनुमान है। प्रोफेसर जियांग ज्यूकिन ने कहा कि पाकिस्तान में राजनीतिक कमजोरी प्रारंभ से रही है। कोई भी निर्णय लेने में सियासी पार्टियां सक्षम नहीं दिखती हैं।
पाकिस्तान को लेकर प्रोफेसर ने क्यों जताई आशंका?
जियांग ने पाकिस्तान की राजनीतिक और संस्थागत कमजोरियों का हवाला देते हुए अपना आकलन पेश किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक परमाणु हथियार संपन्न देश है, लेकिन वहां अस्थिरता और कमजोर संस्थागत व्यवस्था जैसी चुनौतियां मौजूद हैं। उनके मुताबिक ऐसी परिस्थितियों में किसी गंभीर संकट के दौरान परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को लेकर भारी चिंता पैदा हो सकती है। हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि प्रोफेसर जियांग का बयान एक व्यक्तिगत अनुमान है और इसे किसी आधिकारिक खुफिया या सैन्य आकलन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
भारत की परमाणु नीति क्या कहती है?
भारत ने लंबे समय से No First Use (NFU) यानी पहले परमाणु हथियार का इस्तेमाल न करने की नीति घोषित कर रखी है। वहीं पाकिस्तान ने भारत की तरह औपचारिक रूप से ऐसी नीति नहीं अपनाई है। इसी अंतर को भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु रणनीति को समझने में महत्वपूर्ण माना जाता है।
भारत और पाकिस्तान के पास कितने परमाणु हथियार ?
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के आंकड़ों के अनुसार, भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु हथियार रखने वाले देश हैं। दोनों देशों के बीच अतीत में कई सैन्य संघर्ष भी हो चुके हैं।परमाणु हथियारों की मौजूदगी के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच किसी बड़े सैन्य टकराव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमेशा चिंता बनी रहती है।
दुनिया ने अब तक परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कब देखा ?
परमाणु हथियारों का युद्ध में इस्तेमाल अब तक केवल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुआ है। अमेरिका ने वर्ष 1945 में जापान के हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर परमाणु बम गिराए थे। इसके बाद से किसी युद्ध में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं हुआ। हालांकि दुनिया में मौजूद परमाणु हथियारों व विभिन्न देशों के बीच तनाव के कारण परमाणु युद्ध का खतरा आज भी वैश्विक चिंता का विषय बना हुआ है।




