वॉशिंगटन, 14 अगस्त 2026 : भारत और पाकिस्तान के लोगों की एक-दूसरे को लेकर राय पर एक नए सर्वे में कई अहम आंकड़े सामने आए हैं। इस सर्वे के मुताबिक 78% भारतीय पाकिस्तान के प्रति नकारात्मक राय रखते हैं। वहीं, भारतीयों में रूस को सबसे अहम सहयोगी मानने वालों की संख्या 36% है। अमेरिका स्थित Pew Research Center के सर्वे में भारत और पाकिस्तान के लोगों की एक-दूसरे को लेकर धारणा के साथ-साथ उनके सबसे बड़े भू-राजनीतिक खतरे और अहम सहयोगी को लेकर भी सवाल पूछे गए। भारत में यह सर्वे 8 फरवरी से 27 अप्रैल 2026 के बीच 3,566 वयस्कों के बीच किया गया, जबकि पाकिस्तान में आठ अप्रैल से सात मई के बीच 1,039 लोगों से राय ली गई।

78% भारतीयों की पाकिस्तान को लेकर राय नकारात्मक

सर्वे के अनुसार, 78% भारतीयों की पाकिस्तान को लेकर नकारात्मक राय है। इनमें करीब 65% लोगों ने पाकिस्तान के प्रति अपनी राय को बहुत खराब बताया। वहीं, 22% भारतीयों की पाकिस्तान के बारे में सकारात्मक राय रही। दूसरी ओर, पाकिस्तान में भारत को लेकर नकारात्मक राय और भी ज्यादा है। करीब 93% पाकिस्तानी नागरिक भारत के प्रति नकारात्मक राय रखते हैं। इनमें 73% लोगों की राय भारत को लेकर बहुत खराब रही। इससे साफ है कि दोनों देशों की जनता के बीच एक-दूसरे को लेकर धारणा काफी नकारात्मक बनी हुई है।

भारतीय मुस्लिमों की पाकिस्तान को लेकर राय कितनी अलग ?

सर्वे में भारत के अलग-अलग धार्मिक समूहों की पाकिस्तान को लेकर राय में भी अंतर दिखाई दिया।आंकड़ों के मुताबिक, 21% भारतीय मुसलमानों की पाकिस्तान के प्रति सकारात्मक राय है। वहीं, हिंदुओं में यह आंकड़ा करीब 6% रहा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारतीय मुस्लिमों की बहुसंख्यक राय पाकिस्तान के पक्ष में है। सर्वे में कुल भारतीय आबादी का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान को लेकर नकारात्मक नजरिया रखता है।

पाकिस्तान को सबसे बड़ा खतरा मानते हैं 54% भारतीय

सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि उनके देश के लिए सबसे बड़ा भू-राजनीतिक खतरा कौन है। भारत में 54% लोगों ने पाकिस्तान को सबसे बड़ा खतरा बताया। वहीं, 21% लोगों ने चीन को सबसे बड़ा खतरा माना। भारतीय मुस्लिमों में करीब 34% लोगों ने पाकिस्तान को सबसे बड़ा खतरा बताया, जबकि हिंदुओं में यह आंकड़ा 57% रहा। पाकिस्तान में भी भारत को लेकर ऐसी ही धारणा दिखाई दी। करीब 43% पाकिस्तानियों ने भारत को अपने देश के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया।

रूस बना भारतीयों का सबसे अहम सहयोगी

भारत के सबसे अहम सहयोगी को लेकर भी सर्वे में दिलचस्प तस्वीर सामने आई। करीब 36% भारतीयों ने रूस को अपना सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। वहीं, 16% लोगों ने अमेरिका को भारत का सबसे अहम सहयोगी माना। इससे भारत में रूस को लेकर लंबे समय से बनी सकारात्मक धारणा का संकेत मिलता है। सर्वे के मुताबिक, करीब 58% भारतीयों की रूस के प्रति सकारात्मक राय है। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर 51% भारतीयों ने भरोसा जताया।

रूस और पुतिन को लेकर भारत में सकारात्मक राय

Pew Research के 37 देशों में किए गए सर्वे के मुताबिक, रूस और व्लादिमीर पुतिन को लेकर सबसे ज्यादा सकारात्मक राय भारत में देखने को मिली है। यह आंकड़ा भारत-रूस के लंबे रणनीतिक और रक्षा संबंधों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा सकता है। हालांकि, इस सर्वे में बड़ी संख्या में भारतीयों ने कुछ सवालों पर अपनी राय नहीं दी।

पाकिस्तान के लिए चीन सबसे बड़ा सहयोगी

पाकिस्तान में तस्वीर भारत से अलग नजर आई। इस सर्वे के मुताबिक, 75% पाकिस्तानियों ने चीन को अपना सबसे अहम सहयोगी बताया। इसके बाद करीब 12% लोगों ने सऊदी अरब का नाम लिया। वहीं, पाकिस्तान में अमेरिका और इजरायल को लेकर धारणा अलग रही। करीब 24% पाकिस्तानियों ने अमेरिका और इतनी ही संख्या ने इजरायल को अपने देश के लिए बड़ा खतरा बताया।

भारत-पाकिस्तान की जनता के बीच दूरी बरकरार

Pew Research Survey के आंकड़े बताते हैं कि भारत और पाकिस्तान की जनता के बीच एक-दूसरे को लेकर सकारात्मक धारणा काफी सीमित है। भारत में पाकिस्तान के प्रति नकारात्मक राय रखने वालों की संख्या 78% है, जबकि पाकिस्तान में भारत के प्रति नकारात्मक राय 93% तक पहुंचती है। इस सर्वे में यह भी सामने आया कि दोनों देशों की जनता अपने-अपने देश के लिए दूसरे देश को प्रमुख भू-राजनीतिक खतरे के तौर पर देखती है। वहीं, सहयोगियों को लेकर दोनों देशों की पसंद अलग है—भारत में रूस और पाकिस्तान में चीन सबसे आगे है।