जकार्ता, 20 अगस्त 2026 : इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। भूकंप करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया। फिलहाल इस नए भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मगर यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब फ्लोरेस क्षेत्र अभी कुछ दिन पहले आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से उबरने की कोशिश कर रहा है। उस आपदा में कम से कम 73 लोगों की मौत हुई थी और 900 से अधिक लोग घायल हुए थे, जबकि हजारों लोग बेघर हो गए थे।

7.7 के भूकंप के बाद फिर आया जोरदार झटका

15 अगस्त को फ्लोरेस द्वीप के पास 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा क्षेत्र में एंडे से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में बताया गया था। कम गहराई में आए इस शक्तिशाली भूकंप के कारण कई इलाकों में भूस्खलन हुआ। घरों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा समुद्र में छोटी सुनामी लहरें भी दर्ज की गई थीं। सबसे ऊंची लहर करीब 1.61 मीटर मापी गई थी। बाद में सुनामी की चेतावनी हटा ली गई थी।

73 लोगों की मौत, 900 से ज्यादा घायल

इंडोनेशियाई अधिकारियों के अनुसार, 15 अगस्त के भूकंप में कम से कम 73 लोगों की मौत हुई, जबकि 900 से ज्यादा लोग घायल हुए। करीब 60 हजार लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। मुख्य भूकंप के बाद से क्षेत्र में 3,000 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार आ रहे झटकों के कारण राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

5.9 के नए भूकंप के बाद बढ़ी चिंता

गुरुवार को आया 5.9 तीव्रता का भूकंप भी करीब 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। कम गहराई पर आने वाले भूकंप सतह पर अपेक्षाकृत ज्यादा महसूस किए जा सकते हैं। हालांकि, नए भूकंप के बाद फिलहाल बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार आफ्टरशॉक्स और नए झटकों के बीच फ्लोरेस क्षेत्र के लोग अभी भी सतर्क हैं। भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है।