काठमांडू, 28 अगस्त 2026 : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह पद संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत आ सकते हैं। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बालेन शाह के पहले विदेशी दौरे के लिए भारत को लेकर कोई संशय नहीं है। हालांकि यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। स्वर्णिम वागले के मुताबिक नेपाल सरकार को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत दौरा 2026 के अंत से पहले हो सकता है। काठमांडू में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने कहा फिलहाल यात्रा की तारीख और कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर चर्चा चल रही है, मगर यात्रा को लेकर कोई संदेह नहीं है।

भारत होगा बालेन शाह का पहला विदेशी दौरा

नेपाल के वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पद संभालने के बाद शुरुआती समय घरेलू मुद्दों और सरकार के 100-सूत्रीय एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किया। अब सरकार उनके विदेश दौरों को लेकर चर्चा कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी। इस घोषणा को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत-नेपाल रिश्तों को लेकर अहम संकेत

इस कार्यक्रम में मौजूद भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भी इस घोषणा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध बेहद मजबूत हैं और दोनों देशों के रिश्ते भौगोलिक सीमाओं से कहीं आगे हैं। बालेन शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच राजनयिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बालेन शाह के नेतृत्व में नेपाल की नई दिशा

36 वर्षीय बालेन शाह ने इससे पहले काठमांडू के मेयर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। इंजीनियर और रैपर के तौर पर भी चर्चित रहे बालेन शाह ने 27 मार्च को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनकी सरकार ने विकास के लिए क्लीन एनर्जी, टूरिज्म, मैन्युफैक्चरिंग, हाई-वैल्यू एग्रीकल्चर और डिजिटलाइजेशन जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की बात कही है। फिलहाल भारत दौरे की आधिकारिक तारीख का इंतजार है। अगर यह यात्रा तय कार्यक्रम के मुताबिक होती है, तो बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत उनका पहला विदेशी गंतव्य होगा।