देवघर | 16 जुलाई 2026
Shravani Mela 2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासनिक भवन में जिला प्रशासन और तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) सौरभ भुवानिया और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, मंदिर व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
रविवार और सोमवार को नहीं मिलेगा शीघ्रदर्शनम कूपन
बैठक में सबसे बड़ा फैसला यह लिया गया कि श्रावणी मेले के दौरान रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम कूपन व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी। इन दोनों दिनों में किसी भी प्रकार की वीआईपी, वीवीआईपी या आउट ऑफ टर्न पूजा की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि इन दिनों अधिक भीड़ होने के कारण सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिले और जलार्पण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
अन्य दिनों में रात 8 बजे तक होगी जलार्पण व्यवस्था
प्रशासन ने बताया कि रविवार और सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी पांच दिनों में श्रद्धालु रात 8 बजे तक जलार्पण कर सकेंगे। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुरोहित समाज ने रखे कई महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, कूपन व्यवस्था की कमियों, प्रोटोकॉल के नाम पर अवैध प्रवेश, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ तीर्थ पुरोहितों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रावणी मेले से पहले शुरू होगा नया ओवरब्रिज
एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि तीर्थ पुरोहितों के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि मंदिर क्षेत्र में बन रहा नया ओवरब्रिज अगले तीन दिनों में तैयार हो जाएगा और श्रावणी मेला शुरू होने से पहले उसे आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि इस बार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम जलार्पण का अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।




