जामताड़ा | 3 अगस्त 2026
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुरजीत सिंह की सोमवार को जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को साहिबगंज से धनबाद ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सपाईडीह गांव के पास पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आरोपी को दूसरे वाहन में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फरार होने की कोशिश की।
हथियार छीनकर भागने के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, सुरजीत सिंह हथियार लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर हमला करते हुए भागने की कोशिश जारी रखी। इसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान सुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने घटना की पुष्टि की
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी को सुरक्षित धनबाद ले जाया जा रहा था। वाहन दुर्घटना के बाद दूसरे वाहन में स्थानांतरित करने के दौरान उसने पुलिस का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल को किया गया सील, एफएसएल जांच जारी
घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




