रांची | 21 जुलाई 2026

झारखंड के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल संस्थान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में एक बार फिर एमबीबीएस छात्रों की अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। वर्ष 2020 बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान देर रात कथित रूप से शराब और बीयर पार्टी हुई, जिसके बाद कुछ छात्रों ने जमकर हुड़दंग मचाया। आरोप है कि नशे की हालत में छात्रों ने ऑडिटोरियम परिसर में लगे अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) को निकालकर उसकी पूरी गैस हवा में छोड़ दी।

सुबह खुला पूरे मामले का राज

मंगलवार सुबह जब ऑडिटोरियम की सुरक्षा में तैनात SAP जवान मौके पर पहुंचे तो उन्होंने परिसर में बिखरी शराब और बीयर की खाली बोतलें देखीं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सुरक्षा के लिए लगाया गया फायर एक्सटिंग्विशर पूरी तरह खाली था। घटना की सूचना मिलते ही रिम्स प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

शांतिपूर्ण कार्यक्रम का दिया था आश्वासन

जानकारी के अनुसार, इस फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन वर्ष 2023 बैच के विद्यार्थियों की ओर से किया गया था। कार्यक्रम से पहले छात्रों ने रिम्स प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से भरोसा दिलाया था कि समारोह पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण रहेगा। इसी आधार पर उन्हें ऑडिटोरियम उपलब्ध कराया गया था। लेकिन कार्यक्रम के बाद सामने आई तस्वीरों और घटनाक्रम ने प्रशासन को हैरान कर दिया।

रिम्स प्रशासन ने दिखाई सख्ती

रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. शिशिर कुमार ने घटना को संस्थान की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की हरकत किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है और मामले की जांच के बाद दोषी छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। ऑडिटोरियम परिसर में मौजूद साक्ष्यों, सुरक्षा कर्मियों की रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार छात्रों की पहचान की जाएगी। रिम्स प्रबंधन का कहना है कि संस्थान की अनुशासन व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।