रांची | 14 जुलाई 2026

रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन, नो-एंट्री और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

16 जुलाई को रथयात्रा, 25 जुलाई को होगी रथ वापसी

इस वर्ष जगन्नाथपुर मंदिर से 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी, जबकि 25 जुलाई को घुरती मेला (रथ वापसी) के साथ आयोजन का समापन होगा। इस दौरान मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

इन जगहों पर रहेगी पार्किंग की व्यवस्था

ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, बिरसा चौक से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आने वाले लोगों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

यातायात व्यवस्था के तहत तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तथा प्रभात तारा मैदान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, बाइक और अन्य सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रिंग रोड और शहर के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहे।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर न जाएं। आवश्यकता पड़ने पर स्थिति के अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।