रांची | 15 जुलाई 2026

रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। कुच्चू पथ स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से दिलसाद अंसारी की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा का पीछा कर ब्लॉक चौक के पास उसे रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी। हादसे से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

सड़क किनारे खड़े छात्र को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, मृतक दिलसाद अंसारी डहु गांव निवासी एजाज अंसारी का पुत्र था और एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, ओरमांझी में नौवीं कक्षा का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज गति से आ रहे हाइवा (बीआर 02 क्यू 7536) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद भागने लगा चालक

ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। भागने के दौरान सिलदीरी गांव के पास उसने एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हाइवा का पीछा कर ब्लॉक चौक के पास वाहन को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।

मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव के साथ बरवे रेस्क्यू सेंटर के पास प्रदर्शन किया और ओरमांझी ब्लॉक चौक से कुच्चू जाने वाली सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की।

पुलिस ने लोगों को समझाने का किया प्रयास

सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।