रांची | 15 जुलाई 2026

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। आयोग ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

21 जुलाई से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

जेपीएससी ने बताया कि अभ्यर्थी 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड और अटेंडेंस शीट डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। यदि डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर कार्यदिवस में संपर्क कर सकते हैं। वहीं, एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 24 जुलाई तक लिखित आवेदन देकर सुधार कराया जा सकता है।

बायोमैट्रिक जांच और समय से पहुंचना होगा जरूरी

आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक और आईरिस सत्यापन की व्यवस्था की है। इसलिए अभ्यर्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और कोई वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताबें, बैग, खाद्य सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

तीन दिनों में छह पेपर होंगे आयोजित

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई को प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र, 26 जुलाई को तृतीय और चतुर्थ प्रश्नपत्र तथा 27 जुलाई को पांचवें और छठे प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पेपर में शामिल होना अनिवार्य बताया है। उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने और समय से केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।