रांची | 16 जुलाई 2026

रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा और मेले को लेकर आज यानी 16 जुलाई से शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 25 जुलाई तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन और नो-एंट्री की व्यवस्था लागू की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले नए ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

अलग-अलग जगहों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

यातायात पुलिस के अनुसार, बिरसा चौक की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शहीद मैदान में पार्क करेंगे। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की दिशा से आने वाले लोगों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में भी वाहनों की पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

इन मार्गों पर रहेगी पूरी तरह नो-एंट्री

रथयात्रा के दौरान तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा मैदान के मुहाने से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, बाइक और अन्य सवारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इन मार्गों पर केवल आवश्यक सेवाओं और प्रशासनिक वाहनों को ही अनुमति मिलेगी।

इन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

रिंग रोड की ओर जाने वाले वाहनों को बिरसा चौक से सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर भेजा जाएगा। वहीं एचईसी और विधानसभा क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि रथयात्रा और मेला शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।