रांची | 15 जुलाई 2026
झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश और एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। 135वें डूरंड कप का आयोजन 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होगा। इस दौरान यहां कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें ग्रुप-सी के छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल शामिल है। यह पहली बार है जब रांची को इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिला है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार हो रहा स्टेडियम
करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम की पिच, फ्लडलाइट, ड्रेनेज सिस्टम, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खेल विभाग, जिला प्रशासन और सेना आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
भारतीय स्टार खिलाड़ियों के साथ विदेशी टीम भी दिखाएगी दम
रांची में होने वाले मुकाबलों में इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स, एससी दिल्ली और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम के लिए खेल चुके स्टार विंगर ऋत्विक दास और अनुभवी डिफेंडर प्रतीक चौधरी भी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विदेशी टीम की मौजूदगी टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय रंग देगी।
दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
राज्य सरकार और खेल विभाग ने खेल प्रेमियों के लिए बड़ी राहत देते हुए सभी मैचों में मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य झारखंड के युवाओं को उच्चस्तरीय फुटबॉल से जोड़ना और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसके अलावा 18 जुलाई को रांची में डूरंड कप ट्रॉफी टूर भी निकाला जाएगा, जिससे शहर में टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और बढ़ेगा।




