रांची | 18 जुलाई 2026
रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां किराए के मकान के बंद कमरे से मां और उसके ढाई वर्षीय बेटे का शव बरामद हुआ। वहीं परिवार की 15 वर्षीय किशोरी और चार वर्षीय बच्ची गंभीर अवस्था में मिलीं। दोनों को पहले सेवा सदन अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
सुबह नहीं खुला दरवाजा, तब हुआ हादसे का खुलासा
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। लोगों ने एस्बेस्टस हटाकर कमरे के अंदर प्रवेश किया, जहां 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार को मृत पाया गया। वहीं पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी और चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी बेहोशी की हालत में मिलीं।
किराए के मकान में रहता था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार पिंकी देवी रांची की एक कपड़ा दुकान में काम करती थीं। उनके पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का रहने वाला था और पिछले ढाई वर्षों से चटकपुर स्थित किराए के मकान में रह रहा था। परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी और टोटो चलाकर जीविका चलाते हैं।
दम घुटने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जिस छोटे कमरे में परिवार सो रहा था, उसी कमरे में कोयले का चूल्हा भी जल रहा था। बंद कमरे में धुआं भर जाने से दम घुटने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




