रांची | 20 जुलाई 2026

रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित भगवान होटल के पीछे दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में जहां छह आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी, वहीं अब पुलिस ने बताया है कि इस मामले में कुल 14 लोगों की भूमिका सामने आई है। रविवार को पुलिस ने रातू के काठीटांड़ इलाके से आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 हो गई है।

तीन आरोपी जेल, पांच नाबालिग भेजे गए प्रोबेशन होम

पुलिस के अनुसार, नई गिरफ्तारी में शामिल आरोपियों में गणेश बैठा, कुणाल उरांव और ऋतिक उरांव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं पांच नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देश पर प्रोबेशन होम भेजा गया है। इससे पहले पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनमें चार बालिग और दो नाबालिग शामिल थे।

दो दिनों तक वारदात को दिया गया अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि 9 जुलाई को दोनों नाबालिग लड़कियों का कथित तौर पर अपहरण कर उन्हें स्मार्ट सिटी घुमाने के बहाने भगवान होटल के पीछे स्थित एक कमरे में ले जाया गया, जहां उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लड़कियों को वहीं छोड़कर फरार हो गए। अगले दिन 10 जुलाई को दूसरे समूह के आरोपियों ने भी दोनों पीड़िताओं के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया।

पीड़िता के भागने से खुला मामला

जांच के मुताबिक, दूसरी घटना के दौरान एक पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रही और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

जांच जारी, अन्य पहलुओं की भी पड़ताल

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले सबूत और आरोपियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।