हजारीबाग | 25 जुलाई 2026

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के बीच शुक्रवार तड़के मुठभेड़ हुई। केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू जंगल के पास करीब सुबह 3:20 बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भागने की कोशिश में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

सूचना मिलते ही बनी विशेष टीम

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो अपराधी कोयला परियोजना क्षेत्र में लेवी से जुड़े पर्चे बांटकर जंगल की ओर भागे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जंगल में घेराबंदी के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

हथियार और मोबाइल बरामद

घायल आरोपी की पहचान चेपाखुर्द निवासी मो. रागीब अफजल, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान चट्टीबरियातु निवासी जितेंद्र सोनी के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक बरामद की गई है। घायल रागीब को प्राथमिक उपचार के बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

लेवी वसूली का खुलासा, जांच जारी

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह कोयला कंपनियों, ट्रांसपोर्टरों और ठेकेदारों से लेवी वसूलने के लिए धमकी और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। जब्त मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।