कोडरमा | 23 जुलाई 2026
झारखंड के कोडरमा जिले में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवलशाही थाना क्षेत्र में स्थित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस और उससे जुड़े कारोबारी के आवास पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच की गई।
मैगजीन हाउस और आवास पर एक साथ छापा
जानकारी के अनुसार, जांच का केंद्र लोकाई निवासी कारोबारी शंकर यादव का विस्फोटक मैगजीन हाउस रहा। NIA की टीम ने मैगजीन हाउस के साथ-साथ उनके आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की गई।
अवैध सप्लाई की जांच, नक्सली लिंक की भी पड़ताल
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं विस्फोटक सामग्री की अवैध आपूर्ति या हेरफेर तो नहीं की गई। जांच में प्रतिबंधित नक्सली संगठनों तक विस्फोटक पहुंचाने की आशंका के पहलू को भी खंगाला जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अन्य ठिकाने भी जांच के दायरे में
सूत्रों का कहना है कि जिले के कुछ अन्य विस्फोटक मैगजीन हाउस भी जांच एजेंसियों की निगरानी में हैं। जरूरत पड़ने पर आगे भी छापेमारी की जा सकती है। फिलहाल NIA की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।




