रांची | 23 जुलाई 2026

रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी नगर में बुधवार को एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती ने किराए के मकान में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी युवती

पुलिस के मुताबिक, मृतका मूल रूप से हजारीबाग जिले के इचाक की रहने वाली थी और रांची के बूटी मोड़ स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। वह पिछले लगभग एक वर्ष से एक युवक के साथ शिवाजी नगर में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

बहस के बाद हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद युवक घर की छत पर चला गया, जबकि युवती कमरे के अंदर ही रही। कुछ देर बाद जब युवक वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

कमरे के अंदर युवती पंखे के सहारे फंदे से लटकी मिली। युवक तत्काल उसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही खेलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों, युवक और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।