खूंटी | 16 जुलाई 2026
झारखंड के खूंटी जिले में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लोहरदगा की रहने वाली नेहा कुमारी और उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पति कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, बाइक, लोहे का रॉड, मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
10 जुलाई को पुल के पास मिले थे दोनों के शव
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास नेहा कुमारी और अरुण कुमार राणा के शव बरामद हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए खूंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
जांच में सामने आया कि नेहा और उसके पति कुंदन प्रमाणिक के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच मेंटेनेंस को लेकर मामला कोर्ट में भी लंबित था। पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को नेहा अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने ससुराल डुड़िया गांव पांच वर्षीय बेटे को लेने गई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुंदन ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों का अपहरण कर खूंटी के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास ले जाकर हत्या कर दी।
अन्य पहलुओं की भी जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी अपनी बहन सती देवी के घर जाकर छिपा था, जहां साक्ष्य छिपाने की भी कोशिश की गई। एसपी ने कहा कि जांच के दौरान कुछ अन्य व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ी जानकारियां भी सामने आई हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




