रांची | 23 जुलाई 2026
झारखंड सरकार ने सरकारी विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसर की चल रही नियुक्ति प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया स्थगित रखने का निर्देश दिया है। अब इन पदों पर नियुक्तियां नवगठित झारखंड राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से कराई जाएंगी।
6,524 पदों पर होगी नई भर्ती
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों का पुनर्गठन किया है। पहले 5,173 शिक्षकों के पद स्वीकृत थे, लेकिन पुनर्गठन के बाद 1,351 नए पद जोड़ दिए गए हैं। अब शिक्षकों के कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़कर 6,524 हो गई है। फिलहाल इन पदों के लिए रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया जारी है।
भर्ती प्रक्रिया में हो सकती है देरी
सरकार के इस फैसले के बाद पहले से चल रही भर्ती प्रक्रिया रुक गई है। अब विश्वविद्यालय सेवा आयोग को नई प्रक्रिया शुरू करनी होगी, जिससे नियुक्तियों में कुछ समय लगने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले JPSC विश्वविद्यालयों में अधिकारियों के लगभग 23 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर चुका था।
JPSC में अंदरूनी विवाद भी चर्चा में
इधर, JPSC कार्यालय में हालिया CID कार्रवाई के बाद आयोग की कार्यप्रणाली भी चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार आयोग के भीतर प्रशासनिक मतभेद और परीक्षा संबंधी निर्णयों को लेकर असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, इन दावों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।




