रांची | 11 जुलाई 2026

झारखंड को निवेश, पर्यटन और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 के दूसरे दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश-विदेश के उद्योग संगठनों, वैश्विक निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन, हरित ऊर्जा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, विनिर्माण और औद्योगिक निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

EaseMyTrip करेगा पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सहयोग

बैठक के दौरान EaseMyTrip ने झारखंड सरकार के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की। कंपनी ने राज्य के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने के लिए ट्रैवल इंफ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को झारखंड लाने की योजना साझा की। वहीं MakeMyTrip ने भी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और मार्केटिंग नेटवर्क के जरिए राज्य सरकार के साथ पर्यटन प्रचार में साझेदारी की इच्छा जताई।

स्पोर्ट्स टूरिज्म और उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

फिक्की टूरिज्म फेडरेशन ने रांची में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स और गोल्फ टूरिज्म सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का भरोसा देते हुए कहा कि इससे स्पोर्ट्स टूरिज्म, होटल उद्योग, रियल एस्टेट और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। वहीं हीरो साइकिल्स और एवन साइकिल्स के प्रतिनिधियों के साथ झारखंड में साइकिल और ई-साइकिल निर्माण इकाइयों की स्थापना पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित निवेश 500 करोड़ से 1,000 करोड़ रुपये तक का हो सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

हरित ऊर्जा और स्किल डेवलपमेंट पर भी फोकस

बैठक में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने सौर एवं पवन ऊर्जा, स्मार्ट मीटरिंग, ग्रिड आधुनिकीकरण और डिजिटल ऊर्जा प्रबंधन में निवेश के प्रस्ताव दिए। वहीं सिंगापुर के उच्चायुक्त के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में विश्वस्तरीय स्किल सेंटर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास में सहयोग की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों और निवेशकों के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से झारखंड को निवेश, पर्यटन और सतत आर्थिक विकास का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।