लातेहार | 27 जुलाई 2026

श्रावण माह में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा के लिए लातेहार से समाजसेवी रामनाथ अग्रवाल के नेतृत्व में सेवा दल सोमवार को रवाना हुआ। आलोक मोहन स्मृति सेवा आश्रम के बैनर तले संचालित इस सेवा अभियान के तहत इस वर्ष भी देवघर में एक माह तक निःशुल्क सेवा शिविर लगाया जाएगा। सेवा दल को लातेहार विधायक प्रकाश राम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

13 वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प

समाजसेवी रामनाथ अग्रवाल पिछले 12 वर्षों से लगातार श्रावणी मेले में शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं। इस वर्ष वे 13वीं बार लगभग 75 स्वयंसेवकों की टीम के साथ देवघर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि सेवा शिविर 30 जुलाई से 28 अगस्त तक संचालित होगा, जहां प्रतिदिन सुबह 4 बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी।

कांवड़ियों को मिलेंगी कई सुविधाएं

सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा, मालिश, विश्राम, शुद्ध पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी। शिवभक्तों को आध्यात्मिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन पर धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का भी प्रसारण किया जाएगा।

विधायक बोले- सेवा सबसे बड़ा धर्म

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रकाश राम ने कहा कि भगवान शिव और भगवान राम एक-दूसरे के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि रामनाथ अग्रवाल अपने नाम के अनुरूप समाजसेवा का अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से लातेहार के लोगों को भी इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का अवसर मिलता है। विधायक ने जिलेवासियों से इस सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए बाबा बैद्यनाथ से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।