जमशेदपुर | 21 जुलाई 2026
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक ग्रामीण महिलाओं के साथ बारिश के बीच धान की रोपाई करती दिखाई दे रही हैं। उनका यह सादगीपूर्ण अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, विधायक पूर्णिमा दास साहू मंगलवार को रांची से जमशेदपुर लौट रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर तमाड़ प्रखंड के नीरूडीह गांव के पास खेतों में महिलाओं को धान रोपते और पारंपरिक लोकगीत गाते देखा। यह दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और बिना किसी औपचारिकता के सीधे खेत में पहुंच गईं।
महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर की धान रोपाई
खेत में पहुंचने के बाद विधायक ने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की और उनके हाथों से धान का बिचड़ा लेकर खुद भी रोपाई शुरू कर दी। करीब कुछ समय तक उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर धान लगाया। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी, बारिश की स्थिति, फसल उत्पादन और ग्रामीण परिवारों की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे अपने ही खेतों में धान की रोपाई कर रही हैं। विधायक ने सरकारी योजनाओं और कृषि से जुड़ी चुनौतियों पर भी उनसे चर्चा की।
बचपन की यादों से हुईं भावुक
रोपाई के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि खेत में उतरते ही उन्हें अपने बचपन के दिन याद आ गए। उन्होंने बताया कि बचपन में वह अपनी बुआ के गांव जाया करती थीं और गांव की महिलाओं के साथ धान रोपने का अनुभव लिया था। वर्षों बाद फिर से खेत में उतरकर वही अनुभव दोबारा मिला, जिससे वह भावुक हो गईं।
उन्होंने कहा कि किसान देश की असली ताकत हैं। उनके परिश्रम और समर्पण की बदौलत ही देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है। किसानों का सम्मान करना और उनकी समस्याओं को समझना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो बना चर्चा का विषय
विधायक के खेत में उतरकर धान रोपने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों, किसानों और महिलाओं ने उनके इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह जमीन से जुड़कर लोगों के बीच पहुंचना प्रेरणादायक है। लोगों का मानना है कि इससे किसानों का मनोबल बढ़ता है और जनता व जनप्रतिनिधियों के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।




