मिर्जापुर | 16 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से बैंकिंग फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रोजाना महज 400 से 500 रुपये कमाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले एक युवक को आयकर विभाग की ओर से 41 करोड़ रुपये के बैंक ट्रांजेक्शन का नोटिस मिला है। विभाग ने उस पर करीब 6 करोड़ रुपये के टैक्स बकाया का भी दावा किया है। नोटिस मिलने के बाद पीड़ित और उसका परिवार गहरे सदमे में है।

नौकरी दिलाने के बहाने खुलवाया गया बैंक खाता

पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी श्याम बाबू ने बताया कि वर्ष 2020 में शादी के कुछ महीने बाद उनके साले ने नौकरी दिलाने के बहाने उन्हें दिल्ली बुलाया। वहां उनके दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाता खुलवाया गया। आरोप है कि खाते में उनका नहीं बल्कि साले का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया और बाद में चेकबुक पर भी हस्ताक्षर करा लिए गए।

41 करोड़ के लेन-देन का नोटिस मिलने से उड़े होश

करीब तीन महीने पहले आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर श्याम बाबू को पता चला कि उनके खाते से 41 करोड़ रुपये का लेन-देन दिखाया गया है। विभाग ने इस पर लगभग 6 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया भी बताया है। पीड़ित का कहना है कि अब तक उन्हें तीन नोटिस मिल चुके हैं।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

श्याम बाबू का कहना है कि वह खेती और मैजिक वाहन चलाकर किसी तरह परिवार चलाते हैं। इतनी बड़ी वित्तीय गतिविधि से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया। पीड़ित ने आयकर विभाग और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।