बोकारो | 22 जुलाई 2026
बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने शहरी मतदाताओं से 24 जुलाई तक हर हाल में अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र मतदाता का दायित्व है कि वह समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा करे।
एक लाख से अधिक शहरी मतदाताओं ने अब तक नहीं किया प्रपत्र जमा
समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोकारो स्टील सिटी और चास नगर निगम क्षेत्र में एक लाख से अधिक मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है। उन्होंने लोगों से घरों से निकलकर 24 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
गणना प्रपत्र लोकतंत्र का महत्वपूर्ण दस्तावेज
उपायुक्त ने कहा कि गणना प्रपत्र केवल एक कागज नहीं, बल्कि लोकतंत्र में मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। समय पर इसे जमा करने से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सफल होगी और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहेगा।
जिले में 92 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं तक पहुंचा अभियान
डीसी ने बताया कि जिले में कुल 15,35,267 मतदाताओं में से अब तक 14,17,164 (92.31%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 10,72,538 (69.86%) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान लगभग पूरा हो चुका है, जबकि शहरी क्षेत्रों में गति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
ऑनलाइन भी देख सकते हैं अपना नाम
मतदाता अपनी जानकारी voters.eci.gov.in, ceo.jharkhand.gov.in या ECI NET App के माध्यम से भी देख सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर 9264441992, 8292666522 और 7033305037 भी जारी किए हैं।
मीडिया से भी मांगा सहयोग
उपायुक्त अजय नाथ झा ने मीडिया से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचेगी और शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं की उदासीनता दूर होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।




