नई दिल्ली, 5 अगस्त 2026 : लाल सागर में यमन के तट के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमएसवी फैज नूर ओलीया पर मंगलवार को हमला किया गया। प्रोजेक्टाइल हमले के बाद जहाज पलट गया और समुद्र में डूब गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि रेस्क्यू किए गए 14 नाविकों में 13 भारतीय नागरिक शामिल हैं। सभी को यमन के तटरक्षक बल ने सुरक्षित निकालकर मोखा पोर्ट पहुंचा दिया गया है।

भारत सरकार ने हमले की कड़ी निंदा की

भारत सरकार ने लाल सागर में भारतीय जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि बिना किसी उकसावे के किए गए इस हमले की भारत निंदा करता है। भारत सरकार ने लाल सागर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे व्यावसायिक जहाजों पर हमलों को लेकर चिंता जताई है। आगे इस तरह की घटना रोकने के लिए प्रयास करने की बात कही है।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर नजर

विदेश मंत्रालय ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। दूतावास यमनी अधिकारियों के संपर्क में है और नाविकों की सुरक्षा व सहायता के लिए लगातार समन्वय कर रहा है। मंत्रालय ने यमनी अधिकारियों द्वारा किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए धन्यवाद भी दिया।

लाल सागर में बढ़ रही हैं जहाजों पर हमले की घटनाएं

पिछले कुछ समय से लाल सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं। इन हमलों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत ने सभी देशों से अपील की है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में व्यापार और जहाजों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।