मुर्शिदाबाद | 17 जुलाई 2026
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बहरामपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच एक स्कूल वाहन चलती ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में दो स्कूली बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वाहन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था, तभी निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन तेज गति से वहां पहुंच गई और वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश स्कूली छात्र थे।
स्थानीय लोगों ने बचाई घायलों की जान
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे बच्चों और अन्य घायलों को बाहर निकालकर कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मौके पर पुलिस और रेलवे अधिकारियों की टीम भी पहुंच गई।
रेलवे गेट को लेकर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग खुली हुई थी। बताया गया कि एक ट्रेन गुजरने के बाद गेट खोल दिया गया था, लेकिन दूसरी दिशा से आने वाली ट्रेन के दौरान गेट दोबारा बंद नहीं किया गया। इसको लेकर रेलवे गेटमैन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
रेलवे ने दिए जांच के आदेश
पूर्वी रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे की विशेष टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और यह पता लगाएगी कि दुर्घटना कैसे हुई, रेलवे गेट संचालन में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




