चेन्नई | 04 अगस्त 2026
तमिलनाडु में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के बाद डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन विवादों में घिर गए हैं। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उदयनिधि ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान तृषा को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे महिला सम्मान के खिलाफ और अमर्यादित बताया जा रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस तेज हो गई है। वहीं, डीएमके ने गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए इसे निशाना साधने की कोशिश करार दिया है।
क्या कहा था उदयनिधि स्टालिन ने ?
मामला उस समय शुरू हुआ जब उदयनिधि स्टालिन कावेरी नदी जल विवाद को लेकर आयोजित एक प्रदर्शन में भाषण दे रहे थे। बताया जा रहा है कि भाषण के दौरान जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर नारे लगाए गए, तो उदयनिधि ने प्रतिक्रिया देते हुए एक कथित डबल मीनिंग टिप्पणी कर दी। उनके इस बयान को लेकर विरोध शुरू हो गया। लोगों ने इसे अभिनेत्री की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
पुलिस ने क्यों की गिरफ्तारी ?
पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज की गई और जांच के बाद कार्रवाई की गई। कानूनी जानकारों के अनुसार, अगर किसी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी सार्वजनिक रूप से की जाती है तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है।
कौन-कौन सी धाराएं लग सकती हैं ?
BNS धारा 79 : अगर किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से कोई शब्द, इशारा या टिप्पणी की जाती है तो इस धारा के तहत कार्रवाई हो सकती है। दोष साबित होने पर इसमें तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।
BNS धारा 352 : जानबूझकर किसी व्यक्ति का अपमान करने या शांति भंग करने वाली स्थिति पैदा करने पर इस धारा के तहत कार्रवाई हो सकती है। इसमें दो साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
BNS धारा 296 : सार्वजनिक स्थान पर अश्लील या आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामलों में यह धारा लगाई जा सकती है। इसमें तीन महीने तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
कौन हैं तृषा कृष्णन ?
तृषा कृष्णन दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने तमिल, तेलुगु और अन्य भाषाओं की कई फिल्मों में काम किया है। उनका नाम लंबे समय से अभिनेता और अब सीएम थलापति विजय के साथ दोस्ती को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की है। मगर रिश्ते की बात लोगों के बीच होती रहती है।
विजय और तृषा के रिश्ते की क्यों होती है चर्चा ?
विजय और तृषा ने कई फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसी वजह से दोनों के बीच करीबी दोस्ती की खबरें अक्सर सुर्खियों में रही हैं। हालांकि, दोनों कलाकारों ने हमेशा अपने निजी जीवन को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
डीएमके ने गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर डीएमके नेताओं ने सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि इस मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और उदयनिधि को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, विरोध करने वालों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
अब आगे क्या होगा ?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई शिकायत, जांच और उपलब्ध सबूतों के आधार पर तय होगी। यह मामला एक बार फिर सार्वजनिक मंचों पर नेताओं और मशहूर हस्तियों की टिप्पणियों की सीमा और जिम्मेदारी को लेकर बहस खड़ी कर चुका है।




