नई दिल्ली, 10 अगस्त 2026 : केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक तस्वीर को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से पूछा कि यह तस्वीर कहां की है, कब की है और इसमें उनके साथ मौजूद लोग कौन हैं ? गिरिराज सिंह के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। गिरिराज सिंह ने तस्वीर को लेकर सीधे राहुल गांधी से पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने अपने पोस्ट में तस्वीर की जगह, तारीख और उसमें नजर आ रहे लोगों को लेकर सवाल किया। हालांकि उन्होंने तस्वीर को लेकर अपने सवालों के पीछे किसी खास आरोप का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। मगर इसको लेकर राजनीति भी गरमा गई है।

राहुल गांधी की तस्वीर पर क्यों उठे सवाल ?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पोस्ट के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हो रही है कि आखिर उन्होंने राहुल गांधी की तस्वीर को लेकर ये सवाल क्यों उठाए। केंद्रीय मंत्री ने तस्वीर की लोकेशन, समय और साथ मौजूद लोगों की पहचान जानने की इच्छा जताई है। उनके इस बयान को राहुल गांधी पर एक और सियासी हमले के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच इसे लेकर प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। इसके साथ ही तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का संसद को लेकर भी हमला

तस्वीर के अलावा गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और विपक्ष पर संसद की कार्यवाही को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा अध्यक्ष नहीं हैं और विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि जनता संसद में हो रही गतिविधियों को देख रही है और वह यह तय करेगी कि कौन काम कर रहा है और कौन व्यवधान डाल रहा है।

‘PM को राहुल गांधी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी की आलोचना पर भी गिरिराज सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अपने काम, विचार या लेखन के लिए राहुल गांधी के किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार देश के युवाओं से संवाद करते हैं और उनकी समस्याओं और विचारों को सुनते हैं। उन्होंने IIT दिल्ली में प्रधानमंत्री के युवाओं के साथ संवाद का भी उल्लेख किया।

तस्वीर से शुरू हुआ सियासी सवाल, जवाब का इंतजार

फिलहाल केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के सवालों के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने तस्वीर की जगह, समय और साथ मौजूद लोगों की जानकारी मांगी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से इस सवाल पर कोई प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।