नई दिल्ली | 31 जुलाई 2026

भारत ने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में पाकिस्तान की ओर से कराए जा रहे कथित चुनावों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें अवैध और निरर्थक बताया है। विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान वहां लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रहा है और शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ बल प्रयोग जारी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में कराए जा रहे तथाकथित चुनावों की कोई वैधता नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का प्रशासन वहां के लोगों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने और विरोध को कुचलने का प्रयास कर रहा है।

'निर्दोष नागरिकों पर हो रहा है बल प्रयोग'

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान 40 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। भारत ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह वहां के लोगों के प्रति पाकिस्तान के रवैये को उजागर करता है।

मुजाहिदीन पर पाकिस्तानी नेताओं के बयान का जिक्र

प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं के हालिया सार्वजनिक बयानों से यह स्पष्ट होता है कि अतीत में जिन सशस्त्र समूहों को समर्थन दिया गया, वे अब पाकिस्तान के लिए ही चुनौती बन गए हैं। भारत ने इसे पाकिस्तान की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला स्वीकारोक्ति बताया। इसके साथ ही कहा है कि पाकिस्तान लगातार अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने और वहां कथित मानवाधिकार उल्लंघनों की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर कराए जा रहे ऐसे चुनाव वास्तविक जनमत का प्रतिनिधित्व नहीं करते। यह पाकिस्तान का महज दिखावा है। इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को विचार करना चाहिए।