श्रीनगर | 1 अगस्त 2026
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक बार फिर आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया है। शुक्रवार रात हुए आतंकी हमले में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दो हिंदू मजदूरों की नाम पूछकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को हाल के महीनों में प्रवासी मजदूरों पर हुए सबसे गंभीर हमलों में से एक मान रही हैं।
नाम पूछकर बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कुलगाम के केलाम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार दो हथियारबंद आतंकी वहां पहुंचे और मजदूरों की पहचान पूछने लगे। इसके बाद उन्होंने दो हिंदू मजदूरों को अलग किया और उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच उन्हें पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बाद में श्रीनगर के SKIMS अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
TRF पर शक, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
सूत्रों के अनुसार, हमले में दो आतंकियों के शामिल होने की आशंका है, जिनमें एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी हो सकता है। शुरुआती जांच में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन TRF (The Resistance Front) की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह संगठन पहले भी गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाता रहा है। इश घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना की निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से मिलने वाले छह लाख रुपये के मुआवजे के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
हर वर्ष बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से लाखों प्रवासी मजदूर रोजगार के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। कुलगाम की इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।




