रांची | 5 जुलाई 2026
सबहेडलाइन
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में जुटेंगे देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक और नीति विशेषज्ञ
- आईटी, AI, डिजिटल गवर्नेंस, उद्योग और पर्यटन पर होगी रणनीतिक चर्चा, कई बड़े MoU भी होंगे साइन
रांची, 5 जुलाई 2026: झारखंड सरकार राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन' का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, नीति विशेषज्ञ और तकनीकी क्षेत्र के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईटी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य 'झारखंड विज़न-2050' को गति देना, राज्य में निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
पहले दिन IT, AI और डिजिटल गवर्नेंस पर होगा मंथन
सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ई-गवर्नेंस पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। सरकार और उद्योग जगत के बीच B2G (बिजनेस-टू-गवर्नमेंट) बैठकें होंगी। इस दौरान Jharkhand AI Policy सहित कई नई नीतियों के प्रारूप पर चर्चा होगी और आईटी कंपनियों के साथ कई एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
दूसरे दिन निवेश और पर्यटन पर रहेगा फोकस
सरकार Jharkhand Investment Promotion Policy, Tourism Policy, Textile Policy, PPP Policy और JIADA Regulations सहित कई नई नीतियों के ड्राफ्ट जारी करेगी। साथ ही नए डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए जाएंगे और कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ निवेश संबंधी समझौते किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि यह आयोजन झारखंड को निवेश, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ 'Explore Infinite Opportunities' और Vision-2050 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सम्मेलन का समापन झारखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकनृत्य और संगीत की रंगारंग प्रस्तुति के साथ होगा।




