नई दिल्ली, 6 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को छह दिवसीय विदेश यात्रा पर इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत की रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देना है। दौरे के दौरान रक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर उच्चस्तरीय वार्ता होगी।

इंडोनेशिया से होगी दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर सबसे पहले इंडोनेशिया पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाएगी। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और भविष्य के सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर का भी दौरा करेंगे। इसके अलावा वे इंडोनेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया में रक्षा और निवेश पर रहेगा फोकस

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज के साथ शिखर वार्ता होगी। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकी, खेल और जनसंपर्क को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे और प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे।

न्यूजीलैंड में आर्थिक संबंधों को मिलेगी नई गति

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर ऑकलैंड जाएंगे। यहां दोनों नेताओं के बीच आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक सहयोग को विस्तार देने पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही निवेश, नवाचार और द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने पर भी चर्चा होगी।

एक्ट ईस्ट नीति को मिलेगा बल

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर (MAHASAGAR) दृष्टिकोण तथा स्वतंत्र, समावेशी और मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा तीनों देशों के साथ भारत के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।