नई दिल्ली, 7 जुलाई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में आयोजित सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। "सहकार से समृद्धि" के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा।

कई राष्ट्रीय परियोजनाओं का होगा शुभारंभ

समारोह के दौरान अमित शाह 232 अनाज भंडारण गोदामों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा सहकार वन और टिश्यू कल्चर केंद्र का भूमि पूजन, राष्ट्रीय सहकारिता डेटाबेस के तीसरे चरण की शुरुआत तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के दुग्ध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड पोर्टल का शुभारंभ भी किया जाएगा।

इसी कार्यक्रम में डेयरी पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने से जुड़ी नई पहल, सहकारी दुग्ध उत्पादक संगठन लिमिटेड और गोमय सहकारी समिति लिमिटेड का शुभारंभ भी होगा। साथ ही राष्ट्रीय शहरी सहकारिता वित्त एवं विकास निगम की दो प्रमुख योजनाएं लॉन्च की जाएंगी। सरकार 50 हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) को डिजिटल ई-समितियों में बदलने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाएगी।

बीज और डेयरी क्षेत्र में होगा सहयोग

कार्यक्रम के दौरान भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के बीच बीज आपूर्ति प्रणाली और दुग्ध सहकारी समितियों के मॉडल उपविधियों से संबंधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस अवसर पर मंत्रालय की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का भी विमोचन होगा।

कई वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद

समारोह में केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (लल्लन सिंह), राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और मुरलीधर मोहोल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सहकारिता क्षेत्र को मिली नई दिशा

पिछले पांच वर्षों में सहकारिता मंत्रालय ने PACS, सहकारी बैंकों, डेयरी सहकारी समितियों, शहरी सहकारी संस्थाओं और राज्य स्तरीय सहकारी संगठनों को सशक्त बनाने के लिए अनेक सुधारात्मक कदम उठाए हैं। सरकार का लक्ष्य सहकारिता आंदोलन को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और बेहतर वित्तीय संरचना से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है।