रांची | 2 जुलाई 2026

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं SIR (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर जमा किया। उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र भरकर मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की।

मुख्यमंत्री के समक्ष 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ वेरोनिका देवी ने एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना SIR प्रपत्र भरकर जमा किया।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर SIR प्रक्रिया पूरी करने और परिवार, पड़ोस व समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

घर-घर पहुंच रहे हैं BLO

निर्वाचन विभाग के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के नाम, पता तथा अन्य विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

मौके पर मौजूद रहे अधिकारी

कार्यक्रम में रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ERO-सह-ADM धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन और बीएलओ वेरोनिका देवी सहित निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और सभी मतदाता समय पर अपना SIR प्रपत्र भरकर सत्यापन अवश्य कराएं।