पटना, 6 अगस्त: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात अगस्त के लिए बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का भी खतरा जताया गया है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय सिस्टम के कारण अगले 12 घंटे में मौसम तेजी से बदल सकता है। किसानों, मछुआरों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
बिहार में इन जिलों पर सबसे ज्यादा असर
बिहार के रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश, वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। पटना का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है।
झारखंड में भी तेज बारिश और आंधी
झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर, खूंटी, सिमडेगा और पलामू में सात से आठ अगस्त के बीच भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यूपी और दिल्ली में भी मौसम बिगड़ेगा
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित कई जिलों में तेज बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में भी 7 अगस्त को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका जताई गई है। उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, चमोली और रुद्रप्रयाग, जबकि हिमाचल के कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों को फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित रखने तथा मछुआरों को नदी और जलाशयों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।




