पटना | 3 जुलाई 2026
बिहार सरकार ने राज्य के शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण के लिए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने MoU का आदान-प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर आवास, उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन मिलेगा।
उन्होंने बताया कि लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में इन टाउनशिप का विकास किया जाएगा। लैंड पुलिंग मॉडल के जरिए किसानों को भी परियोजना का भागीदार बनाया जाएगा। जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
1 लाख करोड़ का वित्तपोषण, 6 लाख करोड़ का अतिरिक्त निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार HUDCO के माध्यम से 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा करीब 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निजी और संस्थागत निवेश भी आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्या-क्या सुविधाएं होंगी?
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में—
1. आधुनिक सड़क नेटवर्क
2. पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था
3. विद्युत आपूर्ति
4. हरित क्षेत्र (ग्रीन स्पेस)
5. शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान
6. वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना
7. आधुनिक आवासीय सुविधाएं
जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से राज्य में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य शुरू होंगे, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही बिहार में योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रही है और यह परियोजना उस लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद?
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलट्टी, विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवड़े, HUDCO के CMD संजय कुलश्रेष्ठ सहित विभाग और HUDCO के अधिकारी उपस्थित रहे।
India
बिहार में बसेंगे 12 नए स्मार्ट शहर! HUDCO के साथ ₹1 लाख करोड़ का समझौता
बिहार सरकार और HUDCO ने 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए ₹1 लाख करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण पर MoU किया है। परियोजना से राज्य में आधुनिक शहरी विकास और बड़े पैमाने पर निवेश व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

Related Stories

India
निवेश से लेकर अनुदान तक, उद्यमियों की समस्याएं सुन रहा उद्योग विभाग

India
रूस में माउंट एल्ब्रस पर सिक्किम की चोडेन ने की सफल चढ़ाई, भारत के लिए गौरव का पल

India
सहकारिता मंत्रालय का स्थापना दिवस आज, अमित शाह करेंगे कई परियोजनाओं की शुरुआत

India