पटना/नई दिल्ली, 5 अगस्त 2026।

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की दिल्ली में लगातार हो रही मुलाकातों ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। पूर्व सीएम व सांसद नीतीश कुमार ने बुधवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इससे एक दिन पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भेंट की थी। सियासी गलियारे में इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है।

ओम बिरला से हुई शिष्टाचार मुलाकात

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने इसे सौहार्दपूर्ण और शिष्टाचार भेंट बताया। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बिहार में बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को लेकर राजनीतिक समीक्षा चल रही है। पीएम मोदी और नीतीश कुमार की बैठक के एजेंडे को लेकर भी कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे अहम माना जा रहा है।

बांकीपुर हार के बाद दिल्ली दौरे के मायने

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में आए नतीजों के बाद भाजपा और एनडीए के अंदर समीक्षा का दौर जारी है। इसी बीच नीतीश कुमार की शीर्ष नेतृत्व से मुलाकातों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन बैठकों में बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात और भविष्य की रणनीति पर चर्चा संभव है। हालांकि जदयू की ओर से इन मुलाकातों को सामान्य बताया जा रहा है।

क्या पक रही है कोई नई सियासी रणनीति ?

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की दिल्ली में लगातार हो रही बैठकों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़े फैसले या बदलाव के संकेत आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं। फिलहाल, इन मुलाकातों के बाद बिहार की राजनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आगे होता क्या है।