भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज, 24 जून को अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह वाराणसी के ताज गंगेज होटल में अक्षिता राज के साथ सात फेरे लेंगे। शादी का मुख्य समारोह पूरी तरह निजी रखा गया है, जिसमें केवल दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और मित्र शामिल होंगे।

विवाह से पहले शादी की रस्में रोहतास स्थित आकाश दीप के पैतृक आवास पर उत्साह के साथ आयोजित की गईं। 22 जून की रात हुए तिलक और मेहंदी समारोह में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और अभिनेत्री काजल राघवानी भी पहुंचे। इस दौरान आकाश दीप परिवार और मेहमानों के साथ डांस करते नजर आए, जबकि उनकी छोटी बहन ने बॉलीवुड गीतों पर नृत्य कर समारोह में रंग जमा दिया।

सोशल मीडिया पर अक्षिता राज की मेहंदी लगवाती तस्वीर भी तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, इस तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि आकाश दीप या उनके परिवार की ओर से नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि अक्षिता बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के मणिकपुर गांव की रहने वाली हैं। वह अमित कुमार सिंह और रेनू सिंह की बेटी हैं।

अक्षिता राज ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा से BCA और MCA की पढ़ाई की है। कॉलेज प्लेसमेंट के दौरान उन्हें एक बड़ी कंपनी से नौकरी का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन शादी तय होने के बाद उन्होंने जॉब जॉइन नहीं करने का फैसला किया। दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ है।