पटना | 16 जुलाई 2026
बिहार में गुरुवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहा। एक ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया, वहीं दूसरी ओर पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर प्रदर्शन ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। इसके अलावा कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी और 'जनता के दरबार' कार्यक्रम का नाम व स्वरूप भी बदल दिया गया। आइए देखते हैं आज की पांच प्रमुख तस्वीरें।
211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ
भागलपुर के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक साथ राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनके जिले के आसपास ही बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

'जनता के दरबार' का बदला नाम और बोर्ड
पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में 'जनता के दरबार कार्यक्रम' का नाम बदलकर अब 'राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम' कर दिया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम के बोर्ड का रंग भी नीले से बदलकर भगवा कर दिया गया, जिसकी राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई।

जन सुराज को लगा राजनीतिक झटका
बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के कई प्रमुख नेता भाजपा में शामिल हो गए। इनमें प्रो. केसी सिन्हा, बिट्टू सिंह, गोपाल सिंह और अन्य नेताओं का नाम प्रमुख रहा। इसे चुनाव से पहले भाजपा की बड़ी राजनीतिक बढ़त माना जा रहा है।

कैबिनेट ने 25 प्रस्तावों को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट बैठक में विकास, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़े 25 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। भागलपुर में बनने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नाम अजगैबीनाथ धाम हवाई अड्डा रखने और भूमि अधिग्रहण के लिए 1329 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति भी दी गई।

JDU कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर पूर्व नेता छोटू सिंह के समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छोटू सिंह को छह वर्षों के लिए निष्कासित किए जाने के विरोध में समर्थकों ने नारेबाजी की। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।





