इस्लामाबाद/तेहरान, 24 अक्टूबर 2026 : पाकिस्तान में LPG की किल्लत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ईरान से गैस की सप्लाई बाधित होने के बाद कई इलाकों में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल आया है। रिपोर्ट के मुताबिक 12 किलो का LPG सिलेंडर कुछ जगहों पर 7,000 से 8,200 पाकिस्तानी रुपये तक में बिक रहा है। वहीं, पाकिस्तान सरकार ने जल्द आपूर्ति सामान्य करने और बढ़ी हुई कीमतों पर नियंत्रण लगाने का भरोसा दिया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान और ईरान के बीच दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को इसकी वजह बताया है, जबकि ईरान की ओर से तकनीकी कारणों का उल्लेख किया गया है। सीमा बंद होने से LPG की आपूर्ति प्रभावित हुई है और दोनों देशों के बीच मालवाहक ट्रक भी फंसे हुए हैं।
पाकिस्तान में LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4,500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 7,000 रुपये तक पहुंच गई है। कुछ क्षेत्रों में कीमत इससे भी अधिक बताई जा रही है। पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में सिलेंडर करीब 7,000 रुपये, लाहौर में 7,500 रुपये और स्कर्दू में 8,200 पाकिस्तानी रुपये तक में बेचा जा रहा है। वहीं, पाकिस्तान के ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपये निर्धारित की है। इसके बावजूद बाजार में उपभोक्ताओं को काफी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
ईरान से सप्लाई रुकने का पाकिस्तान पर क्या असर ?
रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। ईरान से होने वाली सप्लाई बाधित होने से घरेलू बाजार में गैस की उपलब्धता पर दबाव बढ़ा है।पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के अनुसार, देश में प्रतिदिन लगभग 6,500 से 7,000 टन LPG की जरूरत होती है। इसमें से करीब 2,000 से 2,500 टन गैस घरेलू स्तर पर उत्पादित होती है और बाकी जरूरत आयात से पूरी की जाती है। ईरान के अलावा पाकिस्तान इराक और ओमान से भी LPG आयात करता है। रिपोर्ट में होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी क्षेत्रीय तनाव के कारण आयात पर असर पड़ने की बात भी कही गई है।
सरकार का दावा- 2 से 3 दिनों में सुधरेंगे हालात
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि सरकार खुद LPG का आयात करके बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ाएगी। उन्होंने अगले दो से तीन दिनों में कीमतों में सुधार शुरू होने की उम्मीद जताई। मंत्री के मुताबिक, LPG की कीमत 400 से 425 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलो के बीच होनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी। मलिक ने कीमतों के निर्धारण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कारोबारी अदालत से स्थगन आदेश लेकर ऊंची कीमतों पर बिक्री कर रहे हैं। इस संबंध में सरकार ने कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही है।
सीमा पर फंसे सैकड़ों ट्रक, व्यापार भी प्रभावित
पाकिस्तान और ईरान के बीच सीमा चौकियां बंद होने से LPG टैंकरों समेत सैकड़ों मालवाहक ट्रक दोनों ओर फंसे हुए हैं। इससे गैस आपूर्ति के साथ दूसरे सामानों के परिवहन पर भी असर पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार 1,000 से अधिक पाकिस्तानी कंटेनरों में आलू, केले और चावल जैसे सामान लदे हैं, जिन्हें ईरान भेजा जाना था। ट्रक चालकों ने कई दिनों से सीमा पर फंसे होने की शिकायत की है। सीमा कब खुलेगी और LPG की आपूर्ति कब सामान्य होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
आम लोगों की बढ़ीं मुश्किलें
LPG की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है। यदि आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहती है तो उपभोक्ताओं को महंगी गैस खरीदने या वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। फिलहाल, पाकिस्तान सरकार ने आयात बढ़ाकर और अधिक कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई करके स्थिति सुधारने का भरोसा दिया है। हालांकि बाजार में कीमतें कब तक नियंत्रित होंगी, यह आपूर्ति बहाल होने और सरकारी कदमों के असर पर निर्भर करेगा।




