लाहौर, 17 अक्टूबर 2026 : पाकिस्तान के लाहौर में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े ऑपरेशनल कमांडर मोहम्मद आसिम की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। यह खबर पाकिस्तान में खूब वायरल हो रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक संगठन से जुड़े बयानों और सोशल मीडिया चैनलों ने उसकी मौत की पुष्टि भी कर दी है। इस हादसे में आसिम की पत्नी हुमा और बेटे तल्हा की भी मौत होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार हादसा लाहौर के गढ़ी शाहू इलाके में अल्लामा इकबाल रोड पर हुआ है। बताया गया है कि एक भारी ट्रेलर ने पीछे से आसिम की कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रेलर चालक के खिलाफ FIR, जांच जारी

रिपोर्ट में बताया गया है कि आसिम के बड़े बेटे मोहम्मद ने हादसे को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें ट्रेलर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। लाहौर के चीफ ट्रैफिक ऑफिसर ने भी इस मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच रिपोर्ट मांगी है। इस हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

जैश-ए-मोहम्मद में आसिम की क्या भूमिका थी ?

रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद आसिम जैश-ए-मोहम्मद के लाहौर जिला ऑपरेशनल कमांडर के रूप में काम करता था। उसके बारे में संगठन की स्थानीय गतिविधियों, ऑपरेशनल योजना और वित्तीय नेटवर्क से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालने के दावे किए गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में यह जैश-ए-मोहम्मद के नेतृत्व स्तर से जुड़े किसी कमांडर की चौथी मौत है। इस हादसे के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। आतंकी संगठन को लोगों को डर सताने लगा है।

मसूद अजहर और जैश-ए-मोहम्मद का भारत से संबंध

जैश-ए-मोहम्मद का नेतृत्व मसूद अजहर करता है। यह संगठन भारत में कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा रहा है। मसूद अजहर को 1999 में इंडियन एयरलाइंस की उड़ान IC-814 के अपहरण के बाद यात्रियों की रिहाई के बदले छोड़ा गया था। वर्ष 2019 में संयुक्त राष्ट्र ने उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। दूसरी ओऱ आसिम बड़े पैमाने पर संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता था। इसी साल अगस्त में उसने लाहौर में आयोजित जैश-ए-मोहम्मद की बड़ी भर्ती रैली की थी। आसिम की कश्मीर में गतिविधियों की बात सामने आई है। उधर, आसिम का परिवार और गुट लाहौर के जामिया अशरफिया में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है। मसूद अजहर और जैश-ए-मौहम्मद भारत में कई बड़े आतंकी हमलों के मामले में आरोपी है। इनमें 2001 में संसद पर हमला, 2008 में मुंबई हमले, 2016 में पठानकोट हमला और 2019 में पुलवामा बम धमाका शामिल है। वह पाकिस्तान में बताया जाता है। हालांकि इस्लामाबाद का कहना है कि मसूद अजहर अफगानिस्तान चला गया है।