नई दिल्ली, 30 जुलाई 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम की नई जर्सी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दशकों से नीली जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब आगामी विश्व कप में नारंगी रंग की किट पहनकर मैदान में उतरेगी। इस बदलाव पर पूर्व भारतीय कप्तान विरेन रास्किन्हा ने सवाल उठाए हैं, जबकि हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने इसे खिलाड़ियों की पसंद पर आधारित फैसला बताया है।
हॉकी इंडिया ने 27 जुलाई को पुरुष और महिला टीमों की नई जर्सी लॉन्च की थी। इसके बाद से सोशल मीडिया और खेल जगत में इस बदलाव को लेकर बहस तेज हो गई है।
रास्किन्हा बोले- नीली जर्सी भारत की पहचान
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने नई जर्सी के रंग पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भारतीय टीम की पहचान हमेशा नीले रंग की जर्सी रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वर्षों से बनी इस पहचान को बदलने का कोई ठोस कारण समझ में नहीं आता है।
रास्किन्हा 2001 जूनियर हॉकी विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं और 2004 एथेंस ओलंपिक, 2006 हॉकी विश्व कप तथा कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
हॉकी इंडिया का बचाव- खिलाड़ियों की पसंद से लिया गया है फैसला
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नई जर्सी का रंग खिलाड़ियों, कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की राय के आधार पर चुना गया है। उन्होंने कहा कि यदि विश्व कप के बाद खिलाड़ियों को यह रंग पसंद नहीं आता है तो भविष्य में इसमें बदलाव पर विचार भी किया जा सकता है। मगर अभी भारतीय टीम नई जर्सी का उपयोग करेगी।
विश्व कप में नई जर्सी में उतरेगी भारतीय टीम
FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 14 से 30 अगस्त 2026 के बीच बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में होगा। भारतीय टीम करीब पांच दशक बाद दूसरा विश्व कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। मालूम हो कि भारत ने अपना एकमात्र हॉकी विश्व कप खिताब 1975 में जीता था।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने
इस बीच नई जर्सी के रंग को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिली है। कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने नीले रंग की जगह नारंगी जर्सी अपनाने की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि देश की पहचान उसके मूल्यों और विरासत से जुड़ी है, जिसे कतई बदला नहीं जा सकता है।




