रांची/सिमडेगा | 08 जुलाई 2026
सिमडेगा जिले के समग्र विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर स्थानीय विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा ने झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से रांची में मुलाकात की। बैठक में जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा भी मौजूद रहीं। विधायक ने जिले की सड़क, पुल, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए विशेष विकास पैकेज की मांग की।
मानसून में कई गांव हो जाते हैं अलग-थलग
विधायक ने मंत्री को बताया कि सिमडेगा की भौगोलिक स्थिति के कारण बारिश के मौसम में कई नदी-नाले उफान पर आ जाते हैं, जिससे दर्जनों गांवों का मुख्य सड़क और जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। कई दिनों तक ये गांव टापू की तरह अलग-थलग पड़े रहते हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य सेवाएं होती हैं सबसे अधिक प्रभावित
भूषण बाड़ा ने कहा कि सड़क और पुल नहीं होने के कारण कई बार एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को ग्रामीणों को खाट पर लादकर नदी-नाले पार कर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। समय पर इलाज नहीं मिलने से कई बार जान का भी खतरा उत्पन्न हो जाता है। उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक बताया।
पुल, सड़क और स्कूल भवनों के निर्माण की मांग
बैठक के दौरान विधायक ने बरसात में कटने वाले गांवों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर पुल, पुलिया और पक्की सड़कों का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही जर्जर सरकारी स्कूल भवनों की मरम्मत अथवा नए भवनों के निर्माण का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि सुरक्षित विद्यालय और बेहतर सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण की सबसे अधिक आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।




