लोहरदगा (कुड़ू) | 08 जुलाई 2026
झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र स्थित संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। सलगी पंचायत के रोचो महुवा टोली स्थित इस आवासीय विद्यालय में छात्राओं के कमरे में करैत सांप घुस गया और सो रही चार छात्राओं को डस लिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सोते समय छात्राओं पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भोजन करने के बाद सभी छात्राएं अपने-अपने कमरों में सो रही थीं। रात करीब 10 बजे करैत सांप कमरे में घुसा और सबसे पहले सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी 12 वर्षीय वर्षा उरांव को डस लिया। उसकी चीख सुनकर अन्य छात्राएं जाग गईं, लेकिन इसी दौरान सांप ने मनीषा कुमारी, अनिषा उरांव और फुलमनिया उरांव को भी काट लिया।
एक छात्रा की मौत, एक की हालत गंभीर
विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल चारों छात्राओं को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। अन्य दो छात्राओं अनिषा उरांव और मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने मांगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद कुड़ू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के पिता प्रणीम उरांव ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं विद्यालय प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि जहरीला करैत सांप छात्राओं के कमरे तक कैसे पहुंचा। इस दर्दनाक घटना के बाद विद्यालय में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।




