अहमदाबाद, 26 अगस्त 2026 : अगर आप भी राजधानी एक्सप्रेस या किसी दूसरे ट्रेन से सफर करते हैं तो खाना खाने से पहले सावधान हो जाइए। कहीं आपका खाना भी एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री से बनी हुई तो नहीं है। राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर रेलवे की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। अहमदाबाद मंडल में स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस के लिए खाना तैयार करने वाले बेस किचन में औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बरामद हुई। रेलवे की विशेष टीम ने जांच के दौरान पाया कि कई खाद्य उत्पाद अपनी Expiry Date पार कर चुके थे फिर भी उन्हें यात्रियों को परोसने के लिए रखा गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खाद्य सेवा प्रदाता पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
बेस किचन में छापेमारी से खुली पोल
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम द्वारा गठित रेलवे फूड विजिलेंस फोर्स ने राजधानी एक्सप्रेस के बेस किचन में अचानक जांच की। रेलवे के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करना था। मगर जांच के दौरान रेलवे फूड विजिलेंस फोर्स की टीम को बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। रेलवे के अनुसार, यह सामग्री यात्रियों को परोसे जाने के लिए स्टॉक में रखी गई थी।
क्या-क्या एक्सपायर्ड मिला ?
जांच में निम्न खाद्य सामग्री एक्सपायर्ड पाई गई :
- 369 पैकेट हल्दीराम पोहा
- 984 पैकेट हल्दीराम उपमा
- 24 पैकेट हल्दीराम छोले मसाला
- 6 पैकेट फॉर्च्यून सूजी
रेलवे ने इसे यात्रियों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना और संबंधित सेवा प्रदाता एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
रेलवे ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति
रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की Quality, Hygiene और Food Safety से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बेस किचन और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। रेलवे ने स्पष्ट किया कि निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औचक निरीक्षणों के जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन ही मिले। इस तरह रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।




